ग्राम कुदरी निवासी अरविंद सिंह के लिए तालाब निर्माण उनकी आर्थिक स्थिति में बदलाव का माध्यम बना है। अरविंद सिंह बताते हैं कि उन्हें तालाब निर्माण के लिए मिलने वाले अनुदान की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने मत्स्य विभाग से संपर्क कर आवेदन किया। विभाग से उन्हें एक हेक्टेयर क्षेत्रफल का तालाब निर्माण करने के लिए 4 लाख 40 हजार रुपये का अनुदान प्राप्त हुआ।
तालाब बनने के बाद उन्होंने उसमें मछली पालन शुरू किया। अरविंद सिंह के अनुसार इससे उन्हें प्रतिवर्ष लगभग ढाई से तीन लाख रुपये की आय प्राप्त हो रही है। तालाब का पानी आसपास की कृषि भूमि की सिंचाई के लिए भी उपयोग किया जा रहा है, जिससे खेती में भी लाभ मिल रहा है।
अरविंद सिंह बताते हैं कि तालाब से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से करीब पांच से छह श्रमिकों को रोजगार भी मिल रहा है। मछली पालन और खेती से उनकी कुल आय लगभग पांच से छह लाख रुपये तक पहुंच रही है।
अरविंद सिंह कहते हैं कि तालाब बनने से पहले उनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी, लेकिन आज उनकी आमदनी के साथ परिवार की आर्थिक स्थिति में भी सुधार आया है। उन्होंने योजना का लाभ मिलने पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।




