मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत आज तिलक विद्यालय के ग्राउंड मक्सी में आयोजित हुआ। शिविर में आये आवेदकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किये।

कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने आवेदकों के आवेदन प्राप्त कर समस्याओं का निराकरण किया। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के निर्देश भी दिये।

विधायक श्री अरुण भीमावद ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाया जा रहा है। साथ ही हर पात्र व्यक्ति को शासन की योजनाओं का लाभ प्रदान कर लाभांवित किया जा रहा हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर के माध्यम से शासन की योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा हैं।

शिविर के दौरान सीएमएचओ डॉ. कमला आर्य ने आयुष्मान वय वंदना योजना की जानकारी देते हुए बताया कि 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों के नि:शुल्क आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं। उन्होंने सभी से वय वंदना योजना के तहत नि:शुल्क आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए कहा।

इस दौरान महाप्रबंधक उद्योग श्री प्रकाश इन्दौरे ने उद्यम संवाद व उद्योग विभाग अंतर्गत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। महिला एवं बाल विकास, कृषि, नगरीय निकाय, विद्युत विभाग के अधिकारियों द्वारा भी अपने-अपने विभागों की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही उन्होंने सभी नागरिकों से उक्त योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए कहा।

पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभांवित किया

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत मक्सी में आज आयोजित हुए शिविर के दौरान अतिथियों द्वारा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभांवित किया गया।

इस दौरान प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर योजना अंतर्गत नगर परिषद मक्सी के 12 हितग्राहियों को 15-15 हजार रूपये के मान से राशि वितरित की गई। इसी प्रकार महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लाड़ली लक्ष्मी योजना की 03 बालिकाओं को 118000 रूपये के मान से राशि के स्वीकृति पत्रों का वितरण किया गया। जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र द्वारा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना अंतर्गत 02 हितग्राहियों को 1-1 लाख रूपये, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना अंतर्गत 03 हितग्रहियों को कुल 12 लाख 10 हजार रूपये राशि के स्वीकृति पत्रों का वितरण किया।

इसके साथ ही नगर परिषद मक्सी के अंतर्गत लाड़ली लक्ष्मी योजना के 01 और व्यवसायिक शिक्षा अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य योजना में 05 शिक्षकों को प्रमाण पत्रों का वितरण किया गया।

इस अवसर पर नगरपरिषद मक्सी अध्यक्ष श्रीमती लाड़कुंवर बाई श्री मोहन सिंह पटेल, पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला, डॉ. रवि पाण्डे, जिला पंचायत सीईओ श्री शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, अनुविभागीय अधिकारी शाजापुर सुश्री मनीषा वास्कले सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।