सीहोर नगरीय निकाय सहित जिले के अन्य नगरीय निकायों में सेवा सेतु अभियान के तहत शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में विभिन्न शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नागरिकों को शासन की योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों के आवेदन एवं प्रकरणों का निराकरण किया।
शिविरों में बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं शिकायतें दर्ज कराईं। संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा प्राप्त शिकायतों की सुनवाई करते हुए उनका यथासंभव मौके पर ही समाधान किया गया। नागरिकों को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सहजता और सुगमता से उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया गया।
अभियान के तहत विभिन्न नगरीय निकायों में स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किए गए। शिविरों में चिकित्सकों द्वारा नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक परामर्श दिया गया। जरूरतमंद नागरिकों को निशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया। इससे नागरिकों को स्थानीय स्तर पर ही स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध हुई।

