मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड जुन्नारदेव के अंतर्गत मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम (सीएमसीएलडीपी ) के समाजकार्य स्नातक एवं परास्नातक के छात्र-छात्राओं द्वारा जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन एवं ब्लॉक समन्वयक श्री संजय बामने के मार्गदर्शन में गत दिवस पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर विशेष विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को ‘अंत्योदय दिवस’ के रूप में मनाते हुए ग्रामीण विकास एवं सामुदायिक नेतृत्व पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों एवं उपस्थित अतिथियों श्री संजय बामने, श्री रामरतन बेलवंशी, श्री मेषलाल बोसम, श्री ईसरत मंसूरी, श्रीमती पिंकी साहू, श्री प्रवीण साहू तथा परामर्शदाता श्री सरजू विश्वकर्मा, श्री गोविंद नंदवंशी, कु. योगिता मर्सकोले एवं श्रीमती दीपा मेश्राम द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का ‘एकात्म मानववाद’ और ‘अंत्योदय’ का दर्शन समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा में लाने का मार्ग प्रशस्त करता है। सीएमसीएलडीपी के छात्र ग्रामीण अंचलों में इसी अंत्योदय की भावना के साथ कार्य कर रहे हैं। वे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, जैसे आयुष्मान भारत, पीएम आवास एवं विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को सीधे पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में प्रशासन और समाज के बीच एक मजबूत सेतु की भूमिका निभा रहे हैं।
इस अवसर पर जुन्नारदेव विकासखंड के विभिन्न ग्रामों से आए समाजकार्य बीएसडब्ल्यू व एमएसडब्ल्यू के विद्यार्थियों ने क्षेत्र में किए जा रहे अपने मैदानी कार्यों के अनुभव साझा किए। विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे अपनी नेतृत्व क्षमता का उपयोग कर जुन्नारदेव के जनजातीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, जल-संरक्षण तथा शासकीय योजनाओं के प्रति शत-प्रतिशत जागरूकता फैलाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी विद्यार्थियों, परामर्शदाताओं एवं अतिथियों ने समाज सेवा का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन श्री सरजू विश्वकर्मा एवं आभार प्रदर्शन श्री गोविंद नंदवंशी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विकासखंड समन्वयक श्री संजय बामने, परामर्शदाता श्री सरजू विश्वकर्मा, श्री गोविंद नंदवंशी, कु. योगिता मर्सकोले, श्रीमती दीपा मेश्राम, श्री ईसरत मंसूरी, श्रीमती पिंकी साहू, श्री रामरतन बेलवंशी, श्री मेषलाल बोसम, श्री प्रवीण साहू सहित बड़ी संख्या में जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि, प्रस्फुटन समितियों के सदस्य एवं सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

