21 सितम्बर को तीर्थयात्रियों को लेकर द्वारका- सोमनाथ यात्रा ट्रेन दमोह रेल्वे स्टेशन से रात्रि 11 बजे रवाना हुई। इस अवसर पर प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेंद्र सिंह लोधी ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। उन्होंने तीर्थ यात्रियों को पुष्प गुच्छ भेटकर तीर्थ यात्रा की शुभकामनाएं दी। तीर्थ यात्रा के लिए दमोह जिले से 468 यात्रियों को तीर्थ यात्रा के लिए रवाना किया गया।
प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत एक ट्रेन दमोह से होकर सोमनाथ-द्वारकाधीश के लिए जा रही है। ट्रेन में 468 तीर्थयात्री, दर्शन रक्षक एवं पर्यवेक्षक शामिल हैं। यात्रियों की सुविधा का ट्रेन में पूरा ध्यान रखा गया है। उन्होंने सभी यात्रियों की मंगलमय यात्रा की कामना की।
राज्यमंत्री श्री लोधी ने कहा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में धर्मस्व विभाग द्वारा यह तीर्थ दर्शन ट्रेन संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री श्रवण कुमार की भावना के साथ वृद्ध माता-पिता की सेवा और उन्हें तीर्थ दर्शन कराने का कार्य कर रहे हैं।
भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे ने कहा दमोह जिले के नागरिक सौभाग्यशाली हैं कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेंद्र सिंह लोधी के प्रयासों से जिले को मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का लाभ मिल रहा है। हर माह रेलवे स्टेशन पहुंचकर तीर्थ यात्रियों को रवाना किया जा रहा है।
उन्होंने कहा मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर बुजुर्गों और ऐसे परिवारों के लोगों को भी तीर्थ यात्रा का अवसर मिल रहा है, जो स्वयं तीर्थ यात्रा का खर्च वहन करने में सक्षम नहीं हैं। उन्होंने योजना के लाभ के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर महेश पटेल, मनीष तिवारी, एसडीएम राकेश मोहन त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, मीडियाजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



