श्री शनिश्चरी अमावस्या के अवसर पर 9 एवं 10 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले श्री शनि मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने मेला स्थल पर प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर श्री जांगिड़ ने आयुक्त, नगर पालिक निगम मुरैना को निर्देशित किया है कि श्री शनि मेला स्थल पर स्थापित तीन हाईमास्ट हैलोजन टावर वर्तमान में बंद हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं मेले के दौरान पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम के तकनीकी कर्मचारियों के माध्यम से इन हाईमास्ट लाइटों की आवश्यक मरम्मत तत्काल कराई जाए।
उन्होंने निर्देश दिए हैं कि मरम्मत कार्य को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराते हुए मेले के दौरान प्रकाश व्यवस्था सुचारू एवं पर्याप्त बनाए रखना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही मरम्मत कार्य पूर्ण होने के उपरांत की गई कार्यवाही से अवगत कराने के निर्देश भी दिए हैं।




