गांधी जयंती पर ग्राम जमुनिया में सद्भावना शिविर आयोजित, सामाजिक समरसता का दिया संदेश
सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी
नशामुक्ति अभियान में ग्रामीणों एवं बच्चों को दिलाई नशे से दूर रहने की शपथ
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का किया गया सम्मान
कलेक्टर ने मशरूम उत्पादक किसान से ली उत्पादन एवं विपणन की जानकारी
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा पृथ्वीपुर तहसील के ग्राम पंचायत जमुनिया में अस्पृश्यता निवारणार्थ सद्भावना शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महात्मा गांधी जी के सत्य, अहिंसा, सामाजिक समरसता और स्वच्छता के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ समाज में सद्भाव एवं समानता की भावना को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम में "सेवा संकल्प अभियान" के अंतर्गत ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों द्वारा योजनाओं के पात्रता मानदंड, लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा ग्रामीण क्षेत्रों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रमों के संबंध में उपस्थित जनसमूह को जागरूक किया गया। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करें तथा शासन की योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं।
शिविर में "नशामुक्ति अभियान" के अंतर्गत ग्रामीणों एवं बच्चों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। उपस्थित जनसमूह को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ भी दिलाई गई। बच्चों और युवाओं से विशेष रूप से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्री महेश केवट, सांसद प्रतिनिधि श्री राजेश पटेरिया सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की और उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने महात्मा गांधी जी के जीवन एवं विचारों का स्मरण करते हुए सामाजिक एकता, सद्भाव, स्वच्छता, नशामुक्ति तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान के लिए सामूहिक प्रयास करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े, पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया एवं जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अपने संबोधन में महात्मा गांधी जी के विचारों और उनके आदर्शों को वर्तमान समय में प्रासंगिक बताते हुए सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे, स्वच्छता एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया।
गांधी जयंती पर छात्र-छात्राओं का सम्मान
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती के अवसर पर अस्पृश्यता निवारणार्थ सद्भावना शिविर में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों ने छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार और समाजसेवा की भावना को अपनाने के लिए प्रेरित किया। सम्मान प्राप्त कर छात्र-छात्राओं में उत्साह एवं खुशी का माहौल रहा।
सद्भावना शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को संदेश दिया गया कि महात्मा गांधी जी के विचार केवल स्मरण करने तक सीमित न रहें, बल्कि उन्हें दैनिक जीवन में अपनाकर सामाजिक समानता, भाईचारे और जनसेवा की भावना को मजबूत किया जाए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं बच्चे उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने मशरूम उत्पादक किसान से ली खेती एवं विपणन की जानकारी
ग्राम जमुनिया भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने मशरूम की खेती करने वाले किसान श्री भानसिंह कुशवाहा के घर पहुंचकर मशरूम उत्पादन की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने मशरूम की खेती के लिए अपनाई जा रही तकनीक, उत्पादन एवं विपणन व्यवस्था के संबंध में किसान से चर्चा की तथा इससे प्राप्त होने वाली आय और आर्थिक लाभ की जानकारी ली। कलेक्टर ने किसान के प्रयास की सराहना करते हुए कृषि के साथ ऐसे नवाचारों को अपनाकर स्वरोजगार एवं आय के नए अवसर विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
