राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार नागरिकों को पारदर्शी, संवेदनशील, उत्तरदायी एवं समयबद्ध लोक सेवाएं सीधे उनके गांव एवं वार्ड स्तर पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेशव्यापी “ सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार ” के अंतर्गत शिविर का आयोजन किया जा रहा है। नगर पालिका परिषद नरसिंहपुर प्रांगण में रविवार 4 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे से आयोजित किया जाएगा।

शिविर में विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा संचालित हितग्राहीमूलक योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं से संबंधित आवेदनों को प्राप्त कर उनके निराकरण की कार्रवाई की जाएगी। शिविर में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत ऋण, प्रधानमंत्री आवास योजना, अविवादित नामांतरण एवं बंटवारा, फार्मर आईडी निर्माण, स्वामित्व योजना, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, आय प्रमाण-पत्र, मूल निवासी प्रमाण-पत्र, खसरा, मुख्यमंत्री किसान सम्मान योजना आदि से संबंधित आवेदनों पर कार्रवाई की जाएगी।

इसके साथ ही आयुष्मान भारत योजना के तहत आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, राशन पात्रता पर्ची, संबल कार्ड पंजीयन, ई-श्रम कार्ड पंजीयन, भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार मंडल कार्ड पंजीयन सहित विभिन्न योजनाओं की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। शिविर में मुख्यमंत्री वृद्धावस्था पेंशन, कल्याणी पेंशन, दिव्यांग पेंशन एवं दिव्यांग प्रमाण-पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन तथा राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना से संबंधित आवेदनों का भी निराकरण किया जाएगा।

इसी प्रकार उच्च शिक्षा विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री स्कूटी योजना (नि:शुल्क ई-स्कूटी योजना), विभिन्न प्रकार की छात्रवृत्तियां तथा किसान क्रेडिट कार्ड सहित अन्य योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित आवेदन भी शिविर में लिए जाएंगे।