अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस के अवसर पर रीवा में बुजुर्गों के सम्मान और उनके कल्याण के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कलेक्टर एवं रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के मार्गदर्शन में सामाजिक न्याय विभाग और भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में महाराजा रघुराज पितामह सभागार एवं पितामह सदन वृद्धाश्रम (स्वागत भवन) में आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान एक सौ से अधिक बुजुर्गों को शॉल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ और मिष्ठान भेंट कर सम्मानित किया गया। वृद्धजनों के लिए कई मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वृद्ध दिवस के उपलक्ष्य में एक संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से बुजुर्गों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई और उनके अधिकारों व सम्मान पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में जयंत खन्ना, अध्यक्ष रेडक्रॉस सोसाइटी डॉ. प्रभाकर चतुर्वेदी, सचिव राजेंद्र पाण्डेय, सामाजिक न्याय विभाग के आर.पी. मिश्रा, प्रबंधक राघवेंद्र सिंह, वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. के.के. परौहा, डॉ. ए.के. खान, श्रीमती भारती शर्मा (वृद्धाश्रम प्रभारी), डॉ. एस.के. त्रिपाठी, डॉ. एस.के. श्रीवास्तव, हर्ष सिंह, सीमा श्रीवास्तव, एसडीएम त्रिपाठी, बाल कल्याण सेवा समिति की पूर्व जिला पंचायत सदस्य ममता सिंह, नीलिमा सिंह सहित रेड क्रॉस के समस्त पदाधिकारी एवं सामाजिक न्याय विभाग के संयुक्त संचालक अनिल दुबे और अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. राजेंद्र पाण्डेय द्वारा किया गया, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. अजीत सिंह ने किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जागरूकता शिविर का आयोजन - प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री सतीश चन्द्र राय के मार्गदर्शन में वृद्धाश्रम में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला न्यायाधीश डॉ. श्रीमती अंजली पारे ने माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण संबंधी अधिनियम की जानकारी देते हुए कहा कि युवाओं को अपने परिवार के वृद्धजनों एवं माता-पिता का सम्मान करना चाहिए तथा वृद्धावस्था में उनकी सेवा निःस्वार्थ भाव से करनी चाहिए। शिविर में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री समीर कुमार मिश्रा ने वृद्धजनों के लिए उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में जानकारी दी। जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री ओम कुमार मिश्रा ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की निःशुल्क विधिक सहायता योजना के बारे में बताया, जबकि पैनल अधिवक्ता श्री ध्रुव शुक्ला ने वृद्धजनों के लिए विभिन्न विधिक प्रावधानों एवं योजनाओं की जानकारी दी।



