विदिशा जिले में रविवार, 4 अक्टूबर को आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान एवं सेवा सेतु जन अभियान ‘ सरकार आपके द्वार ’ का आयोजन एक साथ किया जाएगा। दोनों अभियानों के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आम नागरिकों को शासकीय सेवाओं और योजनाओं से सीधे जोड़ने के साथ उनकी समस्याओं के निराकरण की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
बासौदा में दोनों कार्यक्रम एक साथ आयोजित
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान एवं सेवा सेतु जन अभियान ‘ सरकार आपके द्वार ’ का संयुक्त आयोजन बासौदा के मानस भवन में किया गया है। इसी क्रम में सेवा सेतु जन अभियान ‘ सरकार आपके द्वार ’ का आयोजन जिले के निकाय एवं खंड मुख्यालयों पर एक साथ किया जाएगा। जहां निकाय मुख्यालय उपलब्ध नहीं हैं, वहां संबंधित क्षेत्रों के जनपद पंचायत मुख्यालयों पर आयोजन किया जाएगा। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी आयोजन प्रातः 11 बजे से प्रारंभ होंगे।
इन आयोजनों में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं मैदानी अमला उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे। साथ ही शासकीय योजनाओं, सेवाओं एवं जनहितकारी कार्यक्रमों की जानकारी प्रदान करते हुए पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने की कार्यवाही की जाएगी।
सुव्यवस्थित आयोजन के लिए जिला प्रशासन द्वारा दिशा-निर्देश जारी -
दोनों अभियानों के संयुक्त आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देशों में शासन की मंशा के अनुरूप शिविरों का सुव्यवस्थित संचालन, विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति, आमजन से प्राप्त आवेदनों का परीक्षण एवं यथासंभव मौके पर निराकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि दोनों अभियानों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दिलाया जाए। साथ ही प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया को भी निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान एवं सेवा सेतु जन अभियान ‘ सरकार आपके द्वार ’ के माध्यम से जिले में प्रशासन को आमजन के और करीब ले जाने तथा नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ सरल, सुगम एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी पहल की जाएगी।


