शासकीय कन्या (अग्रणी) स्नातकोत्तर महाविद्यालय विदिशा के गृह विज्ञान विभाग द्वारा पोषण मेला आयोजित किये गये। पोषण माह के समापन अवसर पर पोषण मेले का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी.डी. अहिरवार के मार्गदर्शन में पोषण मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में संतुलित आहार, पौष्टिक खाद्य पदार्थों एवं स्वास्थ्य जीवनशैली के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।

पोषण मेले में छात्राओं ने पोषण से संबंधित विभिन्न स्वास्थ्यवर्धक एवं पौष्टिक व्यंजनों की रेसिपी तैयार कर प्रदर्शित की। प्राचार्य डॉ. बी.डी. अहिरवार ने मेले का अवलोकन करते हुए छात्राओं से उनके द्वारा तैयार की गई रेसिपी, उसमें प्रयुक्त सामग्री तथा उसके पोषण संबंधी महत्व के बारे में जानकारी प्राप्त की। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक अपनी-अपनी रेसिपी के पोषण मूल्य एवं स्वास्थ्य लाभों के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम की संयोजक प्रो. विशाखा नागर रहीं।

पोषण मेले में 35 से अधिक छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में आयोजन समिति के सदस्य डॉ. ऋचा शर्मा, डॉ. कीर्ति पटेल, डॉ. अनुभा श्रीवास्तव एवं श्रीमती प्रियंका सौंधिया सहित महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. मलखान सिंह, डॉ. संध्या जैन, प्रशासनिक अधिकारी डॉ. सीमा चक्रवर्ती प्रो. किरण जैन एवं डॉ. राजुला अलबर्ट तथा महाविद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

पोषण मेले के माध्यम से छात्राओं ने “ संतुलित आहार, स्वस्थ जीवन ” के संदेश को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया तथा पोषण के महत्व को व्यावहारिक रूप से समझा। कार्यक्रम ने छात्राओं में स्वस्थ खान-पान की आदतों एवं पोषण जागरूकता को बढ़ावा देने का प्रभावी संदेश दिया।