कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की अध्यक्षता में मुख्य नगरपालिका अधिकारियों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में जिले के नगरीय निकायों में नागरिक सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, विकास कार्यों, पर्यावरण संरक्षण एवं राजस्व वसूली सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने अधिकारियों को नगरीय क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने पूर्व से स्वीकृत आंगनवाड़ी केन्द्रों के निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने तथा नवीन प्रस्तावित आंगनवाड़ी केन्द्रों के लिए उपयुक्त स्थलों का चयन कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रमुख मार्गों पर चिन्हित अस्थायी कचरा स्थलों पर दोबारा कचरा न डाला जाए, इसके लिए प्रतिदिन निगरानी की जाए।
ऐसे स्थानों का सौंदर्यीकरण एवं वॉल पेंटिंग कराने तथा कचरा डालने वाले नागरिकों को चिन्हित कर नियमानुसार जुर्माना लगाने के निर्देश भी दिए। नगरीय क्षेत्रों के बड़े एवं छोटे नाला-नालियों की नियमित साफ-सफाई हो। जिन स्थानों को निकायों द्वारा कचरा डालने के लिए चिन्हित किया गया है, वहां कचरा परिवहन करने वाले वाहनों के आवागमन के लिए आवश्यक सड़क निर्माण कराने के निर्देश दिए गए।
पौधरोपण एवं पर्यावरण संरक्षण को दें प्राथमिकता
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने नगरीय क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बढ़ाने के लिए तालाब एवं नदी के किनारे, स्कूल परिसर, ट्रेचिंग ग्राउंड, शासकीय भवन, श्मशान घाट सहित अन्य उपयुक्त स्थलों का चयन कर व्यापक पौधरोपण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में सड़कों के किनारे किए गए अतिक्रमण को चिन्हित कर हटाने तथा वर्षाकाल में क्षतिग्रस्त हुई सड़कों का चिन्हांकन कर उनकी आवश्यक मरम्मत शीघ्र कराने के निर्देश दिए।
प्लास्टिक मुक्त अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश
कलेक्टर ने नगरीय निकायों में प्लास्टिक मुक्त अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने निजी स्कूलों से बकाया संपत्ति कर की वसूली की भी समीक्षा की। संबंधित निजी स्कूलों की बकाया राशि का उल्लेख करते हुए नगरपालिका अधिनियम, 1961 के प्रावधानों के तहत नोटिस जारी कर बकाया राशि की वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जलभराव एवं क्षतिग्रस्त स्थानों को तत्काल व्यवस्थित करें
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने नगरीय क्षेत्रों में साफ-सफाई एवं पानी की निकासी की व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। जिन स्थानों पर जलभराव के कारण गड्ढे हो गए हैं, वहां आवश्यकतानुसार मुरम अथवा उपयुक्त मटेरियल डालकर उन्हें व्यवस्थित कराने को कहा। उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में अस्थायी दुकानों का चिन्हांकन कर निर्धारित शुल्क की नियमित वसूली करने के निर्देश दिए। साथ ही निकायों में पूर्व से स्वीकृत सभी निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण कराने को कहा।
