सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों में 26 सितम्बर से 5 अक्टूबर तक चरणबद्ध रूप से आंगन मिलन सेवा गतिविधि संचालित होगी, जिसके तहत परियोजनावार तीन दिवसीय इस गतिविधि का आयोजन शुरू हो गया है। शनिवार को पन्ना विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री ने आंगनबाड़ी केन्द्र कुंजवन पहुंचकर आंगन मिलन सेवा का शुभारंभ किया।

इसमें बच्चों और माताओं के लिए पोषक स्वल्पाहार, खेल व पठन सामग्री की स्थानीय स्तर पर व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर पन्ना विधायक ने कहा कि अभियान के तहत लक्षित समूह को एक माह तक विभिन्न सेवाओं का लाभ मिलेगा। बच्चों के स्वास्थ्य व पोषण में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं का सम्मान भी आवश्यक है।

आंगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से सेवा कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों को बेहतर रूप से शाला पूर्व अनौपचारिक शिक्षा प्रदान करने सहित खेल गतिविधियों के माध्यम से जोड़कर सर्वांगीण विकास का प्रयास भी किया जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर एक माह तक सेवा संकल्प अभियान संचालित है।

इसके माध्यम से सेवा की भावना के साथ आमजनों को विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ प्रदान करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य के साथ प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश विश्व गुरू के रूप में पुनसर््थापित होगा। दुनिया में भारत का मान सम्मान बढ़ने के साथ आम जनता को निरंतर समर्पण भाव से सेवा प्रदान करना भी जरूरी है।

आम नागरिक सशक्त व समृद्ध देश के संकल्प के साथ इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं और प्रधानमंत्री जी के संकल्प को पूरा करें। पन्ना विधायक ने कुपोषण मुक्ति की दिशा में सार्थक प्रयास करने की बात कही।

साथ ही बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए सही बचपन और पोषण की आवश्यकता पर जोर दिया।जिला पंचायत अध्यक्ष मीना राजे ने आम नागरिकों और अभिभावकों से नियमित अंतराल पर आंगनबाड़ी केन्द्रों में पहुंचने और बच्चों के पोषण व विकास की जानकारी प्राप्त करने की अपेक्षा की। उन्होंने सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों के ठीक ढंग से संचालन सहित गुणवत्तायुक्त पोषण आहार वितरण की आवश्यकता बताई।

नपाध्यक्ष मीना पाण्डेय ने कहा कि प्रत्येक नागरिकों में सद्भाव व संस्कार की भावना विकसित होना चाहिए। सभी आंगनबाड़ी केन्द्र बच्चों के विकास और समुचित पोषण की दिशा में बेहतर कार्य करें।विधायक ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मंच पर दिया स्थानकार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं पन्ना विधायक द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रति सम्मानस्वरूप स्वयं मंच पर आसीन होने के स्थान पर कार्यकर्ताओं को स्थान देकर प्रशस्ति पत्र का वितरण किया गया।

उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के योगदान का जिक्र कर उन्हें प्रोत्साहित भी किया। विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा बच्चों को फल एवं उपहार वितरित किए गए। बच्चों की माताओं से संवाद कर बच्चों को मिलने वाली सेवाओं व आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी ली गई। आंगनबाड़ी केन्द्र पर 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के तहत पोषण प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। बच्चों ने स्वनिर्मित मिट्टी के खिलौने भी अतिथियों को उपहार स्वरूप भेंट किए।

इससे बच्चों की रचनात्मकता को प्रोत्साहन मिला। इस दौरान आंगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती व धात्री माताओं एवं अन्य हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं विभागीय योजनाओं के संबंध में भी जानकारी प्रदान कर स्थानीय स्तर पर हितग्राहियों व समुदाय से संवाद स्थापित कर योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

आंगन मिलन सेवा का मुख्य उद्देश्य आंगनबाड़ी केन्द्रों के जरिए शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं व सेवाओं को समुदाय तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के योगदान का सम्मान करना है। अन्य आंगनबाड़ी केन्द्रों में भी आंगन मिलन सेवा की गतिविधियां हुईं।

इस अवसर पर नपा उपाध्यक्ष आशा गुप्ता सहित कलेक्टर ऊषा परमार, जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी, जिला कार्यक्रम अधिकारी अवधेश कुमार सिंह, परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं तथा स्थानीयजन भी मौजूद रहे।