अभिलाषा अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशानुसार एसडीएम श्री लोकेंद्र सरल द्वारा सुदामानगर स्थित सीनियर अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास में छात्राओं के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था, पेयजल, आवासीय व्यवस्था तथा सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एसडीएम श्री सरल ने छात्रावास के विभिन्न कक्षों एवं परिसर का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने छात्रावास में निवासरत छात्राओं से भी सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी ली। छात्राओं से भोजन की गुणवत्ता, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, अध्ययन के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक संसाधनों के बारे में फीडबैक लिया गया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री सरल ने छात्रावास प्रबंधन को परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने, छात्राओं को आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने तथा किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर उसका प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्राओं के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि छात्रावास में रहने वाली छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। छात्राओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों एवं छात्रावास प्रबंधन को नियमित रूप से व्यवस्थाओं की निगरानी करने और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।




