आयुक्त नगरीय विकास एवं आवास श्री संकेत भोडवे द्वारा बडौदा और श्योपुर नगर के लिए पेयजल व्यवस्था हेतु संचालित जलावर्धन योजना की समीक्षा की गई। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक के दौरान उन्होंने निर्माण एजेंसी एमपीयूडीसी के अधिकारियों को निर्देश दिये कि मार्च 2027 तक योजना का कार्य पूर्ण कर लिया जायें। इस दौरान उन्होंने योजना में हुई अब तक की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
बैठक में उपस्थित एमपीयूडीसी के प्रोजेक्ट मैनेजर श्री शिवकुमार उपाध्याय ने बताया कि जलावर्धन योजना अंतर्गत 64 प्रतिशत कार्य हो चुका है। 11 ओवर हैंड टेंक में से 9 ओवर हैंड टेंक पूर्णता की ओर है। उन्होंने बताया कि बडोदिया बिंदी में इंटेवैल तथा बनडी में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाने का कार्य भी जारी है। पार्वती नदी पर एनीकेट बनाने हेतु राजस्थान सरकार से अनुमति की प्रक्रिया अंतिम स्टेज पर है।
आयुक्त नगरीय विकास एवं आवास श्री संकेत भोडवे द्वारा इसके पूर्व नगरपालिका कार्यालय का निरीक्षण किया गया तथा विभिन्न शाखाओं में संचालित कार्यो का अवलोकन किया गया। इस दौरान उन्होंने शिवपुरी रोड पर 5 करोड की लागत से निर्माणाधीन नगरपालिका के नये भवन का अवलोकन भी किया। इसके उपरांत उन्होंने बायपास रोड पर निर्माणाधीन चौपाटी का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को सौन्दर्यकरण के निर्देश भी दिये। उन्होंने शिवपुरी रोड स्थित ऑडिटोरियम का अवलोकन भी किया।
आयुक्त नगरीय विकास श्री संकेत भोडवे द्वारा श्योपुर भ्रमण के दौरान वन विभाग द्वारा 50 हेक्टयर क्षेत्र में विकसित किये जा रहे नगर वन का अवलोकन भी किया गया। नगरवन में विभिन्न प्रजातियों के लगभग 10 हजार से अधिक पौधे लगाये जायेगे, सैलानियों को आकर्षित करने के लिए नगरवन में चिल्ड्रन पार्क बनाया जायेगा और झूले भी लगाये जायेगे।
इसके साथ ही 700 मीटर लम्बा पेबर ब्लॉकयुक्त फुटवॉक भी बनाया जायेगा, इसके अलावा प्राकृतिक कच्चा मार्ग भी घूमने के लिए तैयार किया जा रहा है। फॉरेस्ट विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि नगरवन में दो छोटे तालाब भी बनाये जायेगे, जिनके आसपास पेड-पौधे और घास लगाई जायेगी, जहां सैलानी बैठकर प्रकृति का आनंद ले सकेगे।
एक वॉच टावर भी बनाया जा रहा है, जिसके माध्यम से सैलानी दूर तक नगरवन का दृश्य देख सकेंगे, एक योगा प्लेटफार्म भी बनाया जा रहा है, जहां योग की क्रियाएं कर सकेंगे। नगरवन में विभिन्न प्रजातियों के पेडो पर क्यूआर कोड भी लगाया जायेगा, जिसे मोबाइल से स्कैन कर उस पेड के गुण-धर्म और अन्य जानकारियां प्राप्त की जा सकेगी।
50 हेक्टयर का यह नगरवन चारो ओर से कवर्ड रहेगा, इसके लिए बाउन्ड्रीवॉल बनाई जायेगी। नगरीय क्षेत्र में भ्रमण के दौरान नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती रेणु सुजीत गर्ग, डीएफओ सामान्य श्री केएस रंधा, सीईओ जिला पंचायत श्री कार्तिकेय जायसवाल, अपर कलेक्टर श्री रूपेश उपाध्याय, एसडीएम श्री गगन मीणा, सांसद प्रतिनिधि श्री सुजीत गर्ग, सीएमओ श्री नरेन्द्र जाटव आदि उपस्थित थे।

